हजारीबाग यूथ विंग ने 70 से अधिक ट्रैफिक पुलिस जवानों को बांटे रेनकोट, सेवा और सम्मान का दिया संदेश

 


हजारीबाग। सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय हजारीबाग यूथ विंग ने मंगलवार को सीसीआर प्रांगण में ट्रैफिक पुलिस जवानों के सम्मान एवं सुरक्षा के उद्देश्य से रेनकोट वितरण कार्यक्रम के दूसरे चरण का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान 70 से अधिक ट्रैफिक पुलिस जवानों को रेनकोट वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीसीआर डीएसपी मो. अरमानुल हक थे। समारोह की शुरुआत अतिथि के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। मंच संचालन सेजल सिंह और वर्षा डे ने संयुक्त रूप से किया, जबकि संस्था के सचिव रितेश खण्डेलवाल ने स्वागत भाषण देते हुए सभी पुलिस जवानों का अभिनंदन किया। इसके बाद जवानों को कतारबद्ध तरीके से रेनकोट वितरित किए गए।

करीब 30 मिनट तक चले इस कार्यक्रम में सेवा, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने तालियों की गूंज के साथ ड्यूटी पर तैनात जवानों का उत्साहवर्धन किया। वहीं रेनकोट प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

मुख्य अतिथि डीएसपी मो. अरमानुल हक ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा पुलिसकर्मियों के सम्मान और सहयोग के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास प्रेरणादायी हैं। इससे पुलिस और समाज के बीच विश्वास तथा सहयोग की भावना और मजबूत होती है। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्य जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।

संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है जो दिन-रात जनसेवा में समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस जवान हर मौसम में अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाते हैं और उनके सम्मान में किया गया यह प्रयास सेवा एवं संवेदना की भावना को मजबूत करेगा।

वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग हमेशा समाज के जरूरतमंदों और कर्तव्यनिष्ठ लोगों के साथ खड़ी रही है। ट्रैफिक पुलिस जवान भीषण गर्मी, बारिश और विपरीत परिस्थितियों में भी शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार कार्य करते हैं। ऐसे कर्मवीरों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खण्डेलवाल, कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया, मार्गदर्शक संजय कुमार, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन, सनी देव, राजेश जैन, रोहित बजाज, वर्षा डे, अजीत चंद्रवंशी, प्रवेक जैन, सेजल सिंह, उदित तिवारी सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित रहे।