हजारीबाग यूथ विंग ने ट्रैफिक पुलिस जवानों को समर्पित किए 60 से अधिक रेनकोट, एसपी बोले— समाज और पुलिस के सहयोग का सराहनीय उदाहरण


 हजारीबाग यूथ विंग हजारीबाग की धरती पर एक ऐसी सामाजिक संस्था बनकर उभर रही हैं जिसने अपने निस्वार्थ, मानवीय और जनकल्याणकारी कार्यों के बल पर बेहद कम समय में समाज के बीच विशिष्ट पहचान और सम्मानजनक स्थान अर्जित किया है। सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकार को अपना मूल उद्देश्य बनाकर यह संस्था निरंतर जनभावनाओं के अनुरूप कार्य कर रही है। इसी क्रम में शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए धूप, बारिश और विपरीत परिस्थितियों में भी लगातार ड्यूटी पर तैनात फ्रंटलाइन पुलिस वॉरियर्स ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के सम्मान एवं सुरक्षा के उद्देश्य से हजारीबाग यूथ विंग द्वारा सोमवार को सीसीआर प्रांगण में रेनकोट समर्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा और संवेदनशीलता से जुड़े इस कार्यक्रम में पहले चरण में 60 से अधिक ट्रैफिक पुलिस जवानों को रेनकोट समर्पित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अमन कुमार रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में हेडक्वार्टर डीएसपी ज्ञान रंजन, सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह, सीसीआर डीएसपी मो. अरमानुल हक, सार्जेंट मेजर कुमार देवब्रत तथा ट्रैफिक थाना प्रभारी अनूप कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। मंच संचालन सेजल सिंह,खुशी कुमारी एवं वर्षा डे ने संयुक्त रूप से किया, जबकि स्वागत भाषण संस्था के सचिव रितेश खण्डेलवाल ने दिया। इसके बाद सभी ट्रैफिक पुलिस जवानों को कतारबद्ध तरीके से रेनकोट समर्पित किए गए। लगभग 45 मिनट तक चले इस गरिमामयी कार्यक्रम में सेवा, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली। उपस्थित लोगों की तालियों की गूंज ने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक जवानों का उत्साह बढ़ाया, वहीं रेनकोट प्राप्त करने वाले जवानों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने हजारीबाग यूथ विंग की सराहना करते हुए कहा कि ट्रैफिक पुलिस कर्मी हर मौसम में नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते हैं। ऐसे फ्रंटलाइन पुलिस वॉरियर्स के सम्मान और सुविधा के लिए किया गया यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं की ऐसी सहभागिता समाज में सकारात्मक संदेश देती है और पुलिस तथा समाज के बीच विश्वास को और मजबूत करती है। विशिष्ट अतिथियों ने भी ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के समर्पण, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए हजारीबाग यूथ विंग के इस सेवा अभियान को अनुकरणीय बताया।

संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि समाज की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में लगे फ्रंटलाइन पुलिस वॉरियर्स हमारे सम्मान के पात्र हैं। उनकी सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने का यह एक छोटा-सा प्रयास है। संस्था आगे भी समाजहित और जनसेवा के ऐसे कार्य निरंतर करती रहेगी। अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि बारिश के मौसम में भी ट्रैफिक पुलिस जवान पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह रेनकोट समर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प के साथ आगे भी जनहित के कार्यों को निरंतर जारी रखेगी। इस अवसर पर संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन, उपाध्यक्ष विकास तिवारी,सचिव रितेश खण्डेलवाल,सहसचिव अभिषेक पांडे,कोषाध्यक्ष गुंजन मद्धेशिया,संस्था के मार्गदर्शक जयप्रकाश खण्डेलवाल,संजय कुमार, विकाश केशरी,डॉ. बी. वेंकटेश, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन,राजेश जैन,विवेक तिवारी,प्रणीत जैन,उदित तिवारी,प्रमोद खण्डेलवाल,सनी देव, सेजल सिंह, खुशी कुमारी, वर्षा डे,कैलाश कुमार, रंजन चौधरी,विनय पांडे सहित संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।