पदमा प्रखंड में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, 50 से अधिक लोगों को मौके पर मिला लर्निंग लाइसेंस


 झारखंड सरकार के निर्देशानुसार मंगलवार को पदमा प्रखंड अंचल कार्यालय परिसर में विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का सफल आयोजन किया गया। जिले में आयोजित यह तीसरा विशेष शिविर था। इससे पूर्व चुरचू एवं कटकमसांडी प्रखंडों में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के इच्छुक आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन प्राप्त किए गए। इसके पश्चात उनका फोटो एवं बायोमेट्रिक सत्यापन किया गया तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन लर्निंग टेस्ट आयोजित किया गया। टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को मौके पर ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया।

शिविर का लाभ 50 से अधिक लोगों ने प्राप्त किया। तत्काल लर्निंग लाइसेंस मिलने से लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है। प्रखंड स्तर पर यह सुविधा उपलब्ध होने से समय एवं धन दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए राज्य सरकार एवं परिवहन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

शिविर के दौरान जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मियों ने पूरी प्रक्रिया का सुव्यवस्थित संचालन किया। आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऑनलाइन लर्निंग टेस्ट तथा स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर पदमा के अंचलाधिकारी मोतीलाल हेंब्रम, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष चौधरी, मोटरयान निरीक्षक रवीना कुमारी तथा सड़क सुरक्षा प्रबंधक संतोष सिंह सहित जिला परिवहन कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने लोगों से बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन तक सरल एवं सुलभ बनाना है। साथ ही सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी जिले के विभिन्न प्रखंडों में इस प्रकार के विशेष शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

शिविर के सफल संचालन में मोटरयान निरीक्षक रवीना कुमारी ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई। ऑनलाइन आवेदन प्रविष्टि का कार्य अनिल कुमार एवं कैलाश पाण्डेय ने किया, जबकि स्क्रूटनी एवं बायोमेट्रिक सत्यापन की जिम्मेदारी अमन कुमार एवं सूरज कुमार सिंह ने निभाई। ऑनलाइन लर्निंग टेस्ट का संचालन जीवन प्रकाश, शारिक इकबाल एवं अरविंद तिवारी ने किया तथा लर्निंग लाइसेंस प्रिंटिंग का कार्य दीपक सोनी एवं ललन कुमार ने संपादित किया। सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के समन्वित प्रयास से शिविर का सफल एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित हुआ।