30 अगस्त को रांची में आदिवासी एकता महाजुटान, हजारीबाग से हजारों लोगों के शामिल होने का दावा

 


झारखंड में प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर आदिवासी समाज के बीच बढ़ रही चिंताओं के मद्देनज़र आगामी 30 अगस्त 2026 को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित आदिवासी एकता महाजुटान रैली को सफल बनाने की तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। इस क्रम में   राष्ट्रीय आदिवासी छात्र संघ (RACS) के केंद्रीय संयोजक विक्की कुमार धान ने कहा कि हजारीबाग जिले से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग रैली में शामिल होकर अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी और सामाजिक एकजुटता का परिचय देंगे। विक्की कुमार धान ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर आदिवासी समाज में कई तरह की आशंकाएँ व्यक्त की जा रही हैं। ऐसे में समाज के संवैधानिक अधिकारों, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से रखने के उद्देश्य से यह महाजुटान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हजारीबाग जिले के विभिन्न प्रखंडों और गाँवों में जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है तथा लोगों से रैली में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले से हजारों की संख्या में लोग रांची पहुँचकर आदिवासी समाज की एकता और जागरूकता का संदेश देंगे।विक्की कुमार धान ने सभी आदिवासी भाई-बहनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार एवं समाज के साथ 30 अगस्त 2026 को मोरहाबादी मैदान, रांची पहुँचकर इस ऐतिहासिक महाजुटान का हिस्सा बनें। उल्लेखनीय है कि आदिवासी एकता महाजुटान रैली का नेतृत्व पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की करेंगे, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।