एंजल्स स्कूल ने जिला पुस्तकालय को दान कीं 1,000 पुस्तकें, प्रतियोगी छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ

 


हजारीबाग में ज्ञान और शिक्षा के प्रसार की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए एंजल्स स्कूल प्रबंधन ने शुक्रवार को डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक स्थित नवनिर्मित जिला पुस्तकालय के लिए करीब 1,000 पुस्तकों का दान किया। यह योगदान जिला प्रशासन के पुस्तक दान अभियान को नई गति देने के साथ-साथ पुस्तकालय को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

दान की गई पुस्तकों से जिला पुस्तकालय में अध्ययन करने आने वाले विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। खासकर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए ये पुस्तकें उपयोगी साबित होंगी और उन्हें गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि नवनिर्मित जिला पुस्तकालय का उद्घाटन 15 अगस्त 2026 को प्रस्तावित है। जिला प्रशासन की इस महत्वाकांक्षी पहल को जिले के विभिन्न शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों का लगातार सहयोग मिल रहा है। पुस्तक दान अभियान के तहत बड़ी संख्या में संस्थाएं और नागरिक अपनी पुस्तकें दान कर रहे हैं।

इस अवसर पर जिला प्रशासन ने एंजल्स स्कूल प्रबंधन एवं हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल के प्रेरणादायी सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे अपनी उपयोगी पुस्तकों का दान कर जिला पुस्तकालय को समृद्ध बनाने में सहभागी बनें, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

पुस्तक दान कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी, नीति आयोग के फेलो सुरेश कुमार, सत्यम, निदा, डीएमएफटी के प्रोजेक्ट मैनेजर टीपू सुल्तान, सांसद के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी, एंजल्स हाई स्कूल के अभिजीत कुमार सानू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।