1 अगस्त को हजारीबाग में जिला स्तरीय मेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान की अपील

 


जिला प्रशासन, हजारीबाग के तत्वावधान में दिनांक 01 अगस्त 2026 (शनिवार) को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (सदर अस्पताल) स्थित ब्लड बैंक परिसर में जिला स्तरीय मेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इस स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों, आपातकालीन सर्जरी से गुजर रहे मरीजों तथा थैलेसीमिया, कैंसर एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए सुरक्षित एवं निःशुल्क रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। साथ ही समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

जिला प्रशासन ने सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, युवाओं तथा आम नागरिकों से इस मेगा रक्तदान शिविर में अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की है। रक्तदान एक मानवीय सेवा है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है।