हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद Manish Jaiswal ने शनिवार को हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र के कटकमदाग प्रखंड का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अड़रा पंचायत के ग्राम सलगा डिपो के समीप प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएम-जनमन) के तहत लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया।
यह करीब एक किलोमीटर लंबी पक्की सड़क हजारीबाग–सिमरिया मुख्य मार्ग (एनएच-522) से सलगा बिरहोर टांडा प्राथमिक विद्यालय तक बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण से आजादी के बाद पहली बार सलगा बिरहोर टांडा की सीधी सड़क संपर्क से मुख्यधारा तक पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन, शिक्षा और अन्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सलगा डिपो पहुंचे सांसद का स्थानीय ग्रामीणों, विशेषकर बिरहोर परिवारों ने फूल-मालाओं, पुष्पगुच्छ और गगनभेदी नारों के साथ भव्य स्वागत किया। सांसद ने नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर सड़क निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम के बाद सांसद ने बिरहोर परिवारों से सीधे संवाद किया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की सौगात के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि पहले क्षेत्र में बिजली और पेयजल की व्यवस्था कराई गई थी, अब पक्की सड़क बनने से लोगों के जीवन स्तर में और सुधार आएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित निष्पादन का आश्वासन भी दिया।
अपने दौरे के दौरान सांसद ने सामाजिक सरोकारों का भी परिचय दिया। शिलान्यास कार्यक्रम के बाद वे सलगा निवासी विजय यादव के घर पहुंचे, जहां उनकी पुत्री के आगामी विवाह के अवसर पर शादी पूर्व लहंगा भेंट कर आशीर्वाद दिया।
इसके बाद सांसद ग्राम सुल्ताना पहुंचे, जहां पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष विजय गिरी के आवास पर स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर परिचर्चा की। बैठक में क्षेत्र के विकास कार्यों और संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर जिला सांसद प्रतिनिधि अजय कुमार साहू, सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा, सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष इन्द्रनारायण कुशवाहा, कटकमदाग मंडल सांसद प्रतिनिधि मिथलेश यादव, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष कविंद्र यादव, भाजपा नेता गणेश तूरी, विजय गिरी, सुरेंद्र गुप्ता, सिद्धार्थ कुमार, प्रमोद यादव, जगन्नाथ प्रजापति, राजू कुमार शाह, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
