CISF जवानों को दी गई साइबर अपराध से बचाव की जानकारी, हजारीबाग पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान


 हजारीबाग पुलिस की ओर से साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से CISF यूनिट, बड़कागांव में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देशन में साइबर थाना के पुलिस पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और जवानों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की जानकारी दी।

इस दौरान साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और डीपफेक (Deepfake) जैसे नए तरीकों से होने वाले ऑनलाइन अपराधों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही लोगों को ऐसे अपराधों से बचने के लिए जरूरी सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में CEIR पोर्टल के उपयोग के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों और जवानों को समझाया गया कि चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन को CEIR पोर्टल के माध्यम से कैसे ब्लॉक कराया जा सकता है और उसे ट्रेस कराने की प्रक्रिया क्या है।

इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता बढ़ाना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित इस्तेमाल सुनिश्चित करना था।