हजारीबाग। झील क्षेत्र के सौंदर्यीकरण तथा आमजन के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूरे झील क्षेत्र को चरणबद्ध तरीके से "नो व्हीकल ज़ोन" के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग, नगर आयुक्त, हजारीबाग, पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर), सहायक नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त तथा ट्रैफिक थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से झील क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान झील परिसर में वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए पाँच प्रमुख स्थानों को नो एंट्री प्वाइंट के रूप में चिन्हित किया गया।
चिन्हित किए गए प्रवेश बिंदुओं में त्रिमूर्ति चौक, एम्फी थिएटर/सीआरपीएफ की ओर से आने वाली सड़क, इंदिरा गांधी बालिका विद्यालय के समीप मार्ग, आयुक्त आवास मार्ग तथा उपायुक्त आवास मार्ग शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार आगामी कुछ दिनों में इन सभी प्रवेश बिंदुओं से वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। इसके बाद झील क्षेत्र में केवल पैदल चलने वाले नागरिकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इस पहल का उद्देश्य झील क्षेत्र को प्रदूषणमुक्त, सुरक्षित और पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों के लिए अधिक आकर्षक बनाना है।
प्रशासन को उम्मीद है कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद झील क्षेत्र में सुबह-शाम टहलने आने वाले लोगों, बच्चों, बुजुर्गों और पर्यटकों को अधिक सुरक्षित एवं शांत वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
