सिंदूर नदी और कुएं से भाई-बहन के शव बरामद, परिजनों से मिले मुन्ना सिंह; निष्पक्ष जांच की मांग


हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिंदूर पंचायत भवन के समीप स्थित सिंदूर नदी में हुई दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए भाई-बहन के शव बरामद होने से मामला और गंभीर हो गया है। जानकारी के अनुसार दोनों भाई-बहन पिछले कुछ दिनों से लापता थे। रविवार को बहन का शव सिंदूर नदी से बरामद किया गया, जबकि सोमवार को भाई का शव एक कुएं से बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है।

मुन्ना सिंह ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

गौरतलब है कि मृतक भाई-बहन का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद का निवासी है। परिवार हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव में रहकर सड़कों और बाजारों में खिलौने बेचकर जीविकोपार्जन करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।