हजारीबाग: राजपत्रित एवं अराजपत्रित पदाधिकारियों तथा कर्मचारियों के लिए जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में संचालित विभागीय परीक्षा केंद्र का मंगलवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा में कुल 754 परीक्षार्थी नामित हैं। पूर्व दिवस की परीक्षा में 677 परीक्षार्थी उपस्थित हुए थे। वहीं परीक्षा के दूसरे दिन प्रथम पाली में 200 तथा द्वितीय पाली में 126 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, आयुक्त सचिव, संबंधित कर्मियों एवं पुलिस बल को परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने तथा सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखने पर बल दिया।
परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचाररहित वातावरण में संचालित हो रही है। केंद्र पर प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी एवं पुलिस बल पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक केंद्राधीक्षक सह आयुक्त के सचिव सहित परीक्षा संचालन से जुड़े अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।
