हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए चलाए जा रहे ऐतिहासिक 'सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान' का आने वाले 29 जून 2026 को एक साल पूरा होने जा रहा है। इस महाअभियान के तहत अब तक 69 जत्थे उत्तर प्रदेश के पवित्र चार प्रमुख तीर्थ स्थलों का दर्शन कर चुके हैं। इसी कड़ी में शनिवार को 70 वाँ जत्था बरही विधानसभा के चौपारण पूर्वी मंडल अंतर्गत बेलाही पंचायत से पूरी आस्था और उत्साह के साथ रवाना हुआ। ज्ञात हो कि बीते 29 जून 2025 को हजारीबाग सदर विधानसभा क्षेत्र के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत प्रसिद्ध नृसिंह स्थान परिसर से इस महत्ती धार्मिक एवं आध्यात्मिक योजना की शुरुआत हुई थी।
इस 70वें जत्थे में कुल 65 बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल हैं। बेलाही पंचायत के मध्य विद्यालय, बरवाडीह के प्रांगण में आयोजित एक भव्य समारोह में सभी तीर्थयात्रियों को पहचान पत्र और यात्रा थैला भेंट किया गया। विदाई के समय श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सांकेतिक रूप से कई बुजुर्गों का सांसद मनीष जायसवाल और विधायक मनोज कुमार यादव द्वारा पाँव पखार कर उन्हें सम्मान दिया गया। इसके बाद मुख्य अतिथियों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं के साथ बेलाही शिवालय तक पदयात्रा की, जहाँ से तीर्थयात्रियों को बस द्वारा गंतव्य के लिए रवाना किया गया ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने इस यात्रा के सफल संचालन की रूपरेखा साझा की। सांसद मनीष जायसवाल ने यात्रियों को यात्रा के दौरान सेहत और सुरक्षा से जुड़ी सावधानियाँ बरतने की सलाह दी और साथ ही जीवन में तीर्थाटन के आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डाला। सांसद मनीष जायसवाल ने यह भी बताया कि 500 साल के अथक संघर्षों के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य और दिव्य मंदिर मोदी सरकार में बना है इस मंदिर को सामने से देखकर इसके अतीत के लिए किए कई सनातनियों के संघर्ष, बलिदान और त्याग को जरूर स्मरण करें। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने इस पुनीत कार्य के लिए सांसद मनीष जायसवाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बुजुर्गों को इस तरह सम्मानपूर्वक तीर्थाटन कराना एक अनुकरणीय पहल है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ इस यात्रा का आनंद लेने का आग्रह किया और उनके मंगलमय सफर की कामना की।
इस भावुक और ऐतिहासिक विदाई समारोह के अवसर पर भारी संख्या में क्षेत्रीय प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और हाथ जोड़कर उन्हें सुखद यात्रा की शुभकामनाएँ दीं। मौके पर विशेषरूप से सांसद प्रतिनिधि अजय साव, जुगनू सिंह, द्वारिका सिंह उर्फ़ खोखा सिंह, बरही विधानसभा सांसद प्रतिनिधि मुकुन्द साव, सहप्रतिनिधि रामस्वरुप पासवान, रंजीत चनद्रवंशी, मंडल प्रतिनिधी सहदेव प्रसाद यादव, रिशु वर्णवाल, विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, मंडल अध्यक्ष आरती कौशल, रेवाशंकर साव, जीप सदस्य राकेश रंजन, मुखिया संघ अध्यक्ष बिरेन्द्र रजक, मुखिया मंटू सिंह, प्रवीण सिंह, प्रतिनिधि मोहन साव, समिति सदस्य विकास रजक, पंचायत संयोजक मनीष सिंह, भाजपा नेता सीताराम साव, सुनील सिंह, राजेन्द्र चन्द्रवंशी, गजाधर प्रसाद, विजय यादव, कपिल यादव, मनोज यादव, मधु यादव, पिन्टू सोनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें ।
