हजारीबाग। क्रीड़ा भारती हजारीबाग के तत्वावधान में स्थानीय स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय खो-खो टूर्नामेंट का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष वर्ग की कुल 7 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।
महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में हजारीबाग चैंपियंस क्लब ने खो-खो अकादमी, हजारीबाग को 12-5 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें हजारीबाग वॉरियर क्लब ने एसएसबीएम को 20-19 के करीबी अंतर से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं युवा समाजसेवी हर्ष अजमेरा उपस्थित रहे। उनके साथ विकास केसरी, डॉक्टर राहुल, डॉक्टर विक्रम, चंद्रशेखर दास, अजीत कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद थे। क्रीड़ा भारती के सदस्यों ने सभी अतिथियों का सम्मान किया।
अपने संबोधन में हर्ष अजमेरा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण का आधार भी है। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़ने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
विकास केसरी ने क्रीड़ा भारती के उद्देश्यों तथा खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।
क्रीड़ा भारती हजारीबाग के अध्यक्ष भैया मुरारी सिन्हा ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी अंपायरों एवं सहयोगियों को सम्मानित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बहादुर राम, सिटी गोप, अविनाश कुमार, राहुल कुमार, रोबिन कुमार, नूतन कुजूर, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
