नगर भ्रमण पर निकले उपायुक्त हेमन्त सती, जलजमाव, लाइब्रेरी निर्माण और पाइपलाइन कार्यों का लिया जायजा


हजारीबाग। उपायुक्त हेमन्त सती ने बुधवार को नगर भ्रमण कार्यक्रम के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर विकास कार्यों एवं नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, नगर आयुक्त श्री ओम प्रकाश गुप्ता, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नगर भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने सदर प्रखंड अंतर्गत लाखे मजार के समीप लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने जल निकासी की वर्तमान स्थिति और इसके कारणों का बारीकी से अवलोकन करते हुए वैकल्पिक निकासी मार्गों की संभावनाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर निगम, एल एंड टी, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) एवं जुड़को के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क के दूसरी ओर पानी की सुचारू निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिल सके।

इसके बाद उपायुक्त झिनझरिया पुल के समीप स्थित पुराने सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर पहुंचे और वहां उपलब्ध भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शहर के महत्वपूर्ण क्षेत्र में लगभग 2.25 एकड़ भूमि वर्तमान में अनुपयोगी पड़ी हुई है। इस भूमि का जनहित में उपयोग करते हुए यहां एक आधुनिक एवं सुव्यवस्थित लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नगर भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक पर एल एंड टी द्वारा प्रस्तावित पाइपलाइन बिछाव कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्य प्रारंभ करने में आ रही चुनौतियों और समस्याओं की जानकारी लेते हुए संबंधित एजेंसियों को कई आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि पाइपलाइन बिछाव का कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

मौके पर जिला योजना पदाधिकारी श्री पंकज कुमार तिवारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।