हजारीबाग में झामुमो का जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन, संगठन विस्तार और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर दिया गया प्रशिक्षण

 


हजारीबाग के विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर में सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का जिला स्तरीय बूथ सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) अभियान के तहत बी.एल.ए.-2 प्रतिनिधियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण का प्रशिक्षण भी दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि फागू बेसरा शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने की, जबकि संचालन नीलकंठ महतो ने किया। धन्यवाद ज्ञापन केंद्रीय सदस्य गौरव पटेल ने दिया।

सम्मेलन में पहुंचने पर केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय का झारखंडी परंपरा के अनुसार अंगवस्त्र, माला और सम्मान चिह्न देकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जोशपूर्ण नारों के साथ संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

अपने संबोधन में विनोद पांडेय ने कहा कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक ताकत और संगठन की रीढ़ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और पंचायत स्तर तक सक्रिय रहकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि फागू बेसरा ने कहा कि झामुमो का इतिहास संघर्ष और जनहित की राजनीति का रहा है। उन्होंने युवाओं को पार्टी से जोड़ने और प्रत्येक बूथ पर संगठन को सक्रिय रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया ने कहा कि जिला संगठन प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही संगठन की सफलता का आधार है।

सम्मेलन के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) अभियान के तहत बी.एल.ए.-2 प्रतिनिधियों को मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के सत्यापन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय सदस्य गौरव पटेल ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, बूथ स्तरीय कार्यकर्ता, बी.एल.ए.-2 प्रतिनिधि और समर्थक शामिल हुए। इस दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तीकरण और मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।