हजारीबाग में दत्तोपंत ठेंगरी रोजगार सह कौशल विकास मेला आयोजित, युवाओं को मिले रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर


हजारीबाग के सिंदूर स्थित आईटीआई परिसर में बुधवार को श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित दत्तोपंत ठेंगरी रोजगार सह कौशल विकास मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने मेला परिसर में लगाए गए विभिन्न कंपनियों एवं संस्थानों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्रतिनिधियों से उपलब्ध रोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण अवसरों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने रोजगार की तलाश में पहुंचे युवक-युवतियों से भी संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने कहा कि रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवतियों की भागीदारी महिलाओं की बढ़ती जागरूकता और आत्मनिर्भरता का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि देश में रोजगार के अवसरों की कमी नहीं है, बल्कि कुशल और प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता है। विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने युवाओं को प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, एएनएम, जीएनएम, कुक, तकनीकी सेवाओं सहित अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार संभावनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इन क्षेत्रों में नौकरी और स्वरोजगार के व्यापक अवसर मौजूद हैं।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं को रोजगारपरक और कौशल आधारित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए विशेष पहल कर रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 10 हजार युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में निःशुल्क रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिससे युवाओं की दक्षता बढ़ेगी और उन्हें बेहतर रोजगार प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ने, अपनी क्षमता विकसित करने तथा रोजगार मेलों में नियमित रूप से भाग लेने की अपील की। साथ ही युवाओं से पंजीकरण कराने और अन्य युवाओं को भी ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न कंपनियों द्वारा चयनित कई युवक-युवतियों को ऑफर लेटर भी प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, जिला नियोजन पदाधिकारी श्री अवधेश कुमार, श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास विभाग के पदाधिकारी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक युवक-युवतियां उपस्थित थे।