इचाक ठाकुरबाड़ी भूमि विवाद पर एक्शन में विधायक प्रदीप प्रसाद, एसपी अमन कुमार से मिलकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

 


हजारीबाग विधायक  प्रदीप प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक  अमन कुमार से मुलाकात कर इचाक स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक  ठाकुरबाड़ी की भूमि पर हो रहे कथित अतिक्रमण एवं कब्जे के प्रयास के संबंध में विस्तृत चर्चा की। इस दौरान ठाकुरबाड़ी के महंत  विजय दास भी उपस्थित रहे।

विधायक प्रदीप प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले से अवगत कराते हुए कहा कि यह केवल भूमि का विवाद नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था एवं धार्मिक विरासत से जुड़ा विषय है। उन्होंने आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि धार्मिक स्थल की सुरक्षा, पवित्रता एवं गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।

उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व महंत विजय दास भगवान श्री ठाकुर गोपाल जी को लेकर उनके विधायक जनसेवा कार्यालय पहुंचे थे और उन्हें इस पूरे प्रकरण की जानकारी दी थी। उस समय भी विधायक ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि धार्मिक आस्था से जुड़े इस विषय में वे हर स्तर पर न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

विधायक  प्रदीप प्रसाद ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध कब्जा अथवा उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में कानून के अनुरूप कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक स्थलों पर अतिक्रमण करने का साहस न कर सके।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है और वे इस विषय पर अंतिम न्याय मिलने तक निरंतर प्रयास करते रहेंगे। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से अपेक्षा व्यक्त की कि मामले में शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई कर धार्मिक आस्था की रक्षा सुनिश्चित की जाए।