हजारीबाग: सदर प्रखंड के ओरिया में शुक्रवार को निकले मुहर्रम जुलूस के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। जुलूस में ढोल-ताशों की गूंज, ताजिया खेल तथा पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर हिंदू समाज के लोगों ने मुस्लिम भाइयों का पगड़ी पहनाकर, माला पहनाकर और गले लगाकर स्वागत किया तथा मुहर्रम की शुभकामनाएं दीं। स्वागत के दौरान कोल्ड ड्रिंक, पानी, बिस्कुट और फूल-मालाओं के साथ सभी का अभिनंदन किया गया। पूरे आयोजन में गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक एकता का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम का संचालन रिटायर्ड फुटबॉल क्लब हजारीबाग के सचिव एवं समाजसेवी अभय शंकर पासवान ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विनय कुमार यादव ने दिया। समाजसेवी अभय शंकर पासवान ने बताया कि मुहर्रम के अवसर पर हिंदू समाज द्वारा मुस्लिम भाइयों के स्वागत की यह परंपरा पिछले 26 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है।
इस मौके पर बड़ी संख्या में हिंदू एवं मुस्लिम समाज के गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।
.jpeg)