हजारीबाग : मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति एवं विधि-व्यवस्था की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त श्री हेमन्त सती ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार भी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम पर्व आपसी एकता, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव के साथ मनाया जाए। उन्होंने सभी समुदायों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने छड़वा डैम में लगने वाले मेले सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी दंडाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्ति अवधि में नियंत्रण कक्ष से सतत संपर्क बनाए रखने का निर्देश दिया।
बैठक में सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो, शॉर्ट्स एवं फोटो पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही प्री-रिकॉर्डेड भड़काऊ गीतों एवं डीजे के प्रयोग पर प्रतिबंध रहेगा। धार्मिक विद्वेष फैलाने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार ने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने बताया कि निगरानी के लिए साइबर थाना को सक्रिय कर दिया गया है। उन्होंने निर्धारित मार्ग एवं समय पर जुलूस निकालने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को देने का आग्रह किया।
बैठक में अखाड़ाधारियों को अपने-अपने तजिया की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं शांति समिति के सदस्यों ने विभिन्न प्रखंडों के जुलूस मार्गों से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा, जिस पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
प्रशासन ने विद्युत विभाग को झूलते तारों को दुरुस्त करने, नगर निगम को पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक स्थानों पर एम्बुलेंस एवं मेडिकल कैंप की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों एवं जुलूस मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश भी दिए गए।
मुहर्रम पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 8002529348, 8002529349 तथा साइबर सेल हेल्पलाइन 9430165939 पर दी जा सकती है।
बैठक में सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, बरही एसडीओ जोहन टुडू, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
