हजारीबाग जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत सिलवार खुर्द पंचायत स्थित प्रखंड स्तरीय स्टेडियम गुरुवार को खेल उत्साह, युवा ऊर्जा और जोश से सराबोर नजर आया। अवसर था सिलवार क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के भव्य शुभारंभ का, जिसका उद्घाटन पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों, अभिभावकों, ग्रामीणों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
उद्घाटन के दौरान मैदान में पहुंचते ही मुन्ना सिंह का खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में मुन्ना सिंह ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता के निर्माण और स्वस्थ समाज की आधारशिला रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सिलवार खुर्द के युवाओं में खेल के प्रति जो उत्साह, समर्पण और प्रतिभा दिखाई दे रही है, वह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। आने वाले समय में यही युवा अपनी प्रतिभा के दम पर क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों की मिट्टी में ऐसे अनेक खिलाड़ी मौजूद हैं, जिनमें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की क्षमता है। जरूरत सिर्फ उचित मार्गदर्शन, आधुनिक खेल सुविधाओं और नियमित प्रोत्साहन की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुन्ना सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में खेल युवाओं के लिए रोजगार और करियर का भी सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। खेल व्यक्ति को अनुशासन, धैर्य, संघर्षशीलता और टीम भावना का पाठ पढ़ाता है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए आवश्यक गुण हैं। उन्होंने युवाओं से नशा और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेल और शिक्षा के क्षेत्र में लगाने की अपील की।
उन्होंने सिलवार क्रिकेट अकादमी के पदाधिकारियों और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने का कार्य करती हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर पूर्व मुखिया महेंद्र राम प्रजापति, मुखिया प्रतिनिधि उमेश प्रसाद, पंचायत समिति सदस्य ओम प्रकाश देव, प्रधानाध्यापक शैलेश यादव सहित सिलवार क्रिकेट अकादमी के अमित यादव, शिवम यादव, सौरभ यादव, शनि यादव, ऋषभ यादव, विनय प्रजापति एवं सुनील पंडित समेत बड़ी संख्या में गणमान्यजन, अभिभावक, खेल प्रेमी और युवा उपस्थित थे।
