हजारीबाग। भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस के अवसर पर मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा पुराना बस स्टैंड के निकट स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित झामुमो के केंद्रीय सदस्य विकास राणा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उन्होंने आदिवासियों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन साहस, त्याग और सामाजिक न्याय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
झामुमो के जिला प्रवक्ता कुणाल यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जो आंदोलन खड़ा किया था, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का सपना एक ऐसे समाज का निर्माण करना था, जहां सभी लोगों को सम्मान, अधिकार और समान अवसर प्राप्त हो। झारखंड की पहचान और अस्मिता को बचाने में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षमय जीवन एवं उनके बलिदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष नवीन प्रकाश, नगर सचिव निसार अहमद, नगर उपाध्यक्ष राजीव वर्मा, जिला सह सचिव अब्दुल्ला खां, पिंकू, विक्रम रवि, संदीप कुमार, मो. शमसाद, विवेक राणा, मो. मोइनुद्दीन, अभितेष कुमार, राजेश यादव, रोहित रजक सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
