अनसार नगर प्रीमियर लीग (सीजन-2) का भव्य समापन, मुन्ना सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित


हजारीबाग जिले के अनसार नगर, पगमिल (रोड नंबर-02) स्थित खेल मैदान में आयोजित अनसार नगर प्रीमियर लीग (सीजन-2) का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार देर रात सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर उत्साह और सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम में पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह  अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।  अतिथि मुन्ना सिंह ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों और आयोजन समिति के बीच सकारात्मक संवाद भी हुआ। वहीं मुन्ना सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे नशा और गलत दिशा से दूर रहकर सकारात्मक मार्ग पर आगे बढ़ सकें। स्थानीय स्तर पर आयोजित ऐसे खेल आयोजन न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन भविष्य में और बड़े स्तर पर होने चाहिए, जिससे क्षेत्र की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सके।प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल कौशल और टीम समन्वय का अच्छा प्रदर्शन किया। पूरे टूर्नामेंट में मुकाबलों के बीच कड़ा प्रतिस्पर्धात्मक माहौल देखने को मिला, जिससे दर्शक भी लगातार जुड़े रहे। जबकि समापन अवसर पर सभी टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। आयोजन समिति ने  अतिथि, खिलाड़ियों, स्थानीय नागरिकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।