स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर जोर, उपायुक्त हेमंत सती ने की व्यापक समीक्षा बैठक


हजारीबाग। उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की आधारभूत संरचनाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने हाल ही में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, पार्किंग, सोलर पैनल की मरम्मत एवं संचालन, मरीजों और परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था, कूलर, पंखे सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि निर्देशानुसार आवश्यक सुधारात्मक कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं।

उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर प्रबंधन, जवाबदेही एवं प्रशासनिक कार्यपद्धति अपनाकर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों के बेहतर उपचार और स्वास्थ्य लाभ के लिए आवश्यक है।

बैठक में ब्लड बैंक की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने सदर अस्पताल में ब्लड सेपरेटर मशीन के अधिष्ठापन को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में रक्त अवयव पृथक्करण के लिए नमूनों को रांची भेजना पड़ता है, जिससे समय अधिक लगता है। मशीन की स्थापना के बाद मरीजों को त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा संस्थागत प्रसव के प्रतिशत में वृद्धि लाने के लिए आवश्यक प्रयास तेज करने का निर्देश दिया। वहीं टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने सुझाव दिया कि टीबी से पूर्णतः स्वस्थ हो चुके मरीजों को कार्यक्रम का ब्रांड एंबेसडर बनाया जाए, ताकि वे अपने अनुभव साझा कर अन्य मरीजों को उपचार के प्रति प्रेरित कर सकें।

उपायुक्त ने सहिया की नियुक्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए रिक्त पदों को शीघ्र भरने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखंडों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) एवं हेल्थ सब-सेंटरों की स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और आवश्यकताओं की भी जानकारी प्राप्त की।

बैठक में प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर सिस्टम की स्थापना, एंबुलेंस की उपलब्धता, चिकित्सकों के रिक्त पदों की पूर्ति तथा आवश्यक उपकरणों के अधिष्ठापन की आवश्यकता से अवगत कराया। इस पर उपायुक्त ने आवश्यक उपकरणों एवं सामग्रियों की आपूर्ति तथा अधिष्ठापन की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सिविल सर्जन, सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।