राजस्थान में आयोजित 36वीं जूनियर नेशनल थ्रोबॉल चैंपियनशिप 2026-27 में झारखंड की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम ने प्रतियोगिता के दौरान बिहार, मध्य प्रदेश और तमिलनाडु जैसी मजबूत टीमों को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कर्नाटक के खिलाफ बेहद रोमांचक मैच खेला गया, जिसमें झारखंड की टीम मात्र एक अंक के अंतर से हार गई। इसके बावजूद टीम ने प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया।
बुधवार सुबह विजेता टीम के हजारीबाग पहुंचने पर हजारीबाग थ्रोबॉल संघ एवं रिटायर्ड फुटबॉल क्लब के सदस्यों ने कर्जन ग्राउंड में खिलाड़ियों का फूलमाला, गुलदस्ता एवं मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पूरे खेल जगत में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए रिटायर्ड फुटबॉल क्लब के सचिव अभय पासवान ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की टीम द्वारा पदक जीतना पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो वे भविष्य में स्वर्ण पदक भी जीत सकते हैं।
हजारीबाग थ्रोबॉल संघ के सचिव अबोध राम ने बताया कि टीम के अधिकांश खिलाड़ी दूरदराज के क्षेत्रों से आते हैं। उचित प्रोत्साहन और सरकारी सुविधाओं के माध्यम से उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा सकता है। उन्होंने झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के सचिव राजेश कुमार तथा भारतीय थ्रोबॉल संघ के सचिव गौतम कुमार के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
हजारीबाग थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि इस उपलब्धि में हजारीबाग थ्रोबॉल संघ द्वारा दिए गए प्रशिक्षण और कौशल विकास की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वहीं उपाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि अब संघ को इनके उज्ज्वल भविष्य के लिए दीर्घकालिक रणनीति तैयार करनी होगी।
इस अवसर पर थ्रोबॉल संघ के सदस्य रवि कुमार, प्रमोद कुमार दास, शारीरिक शिक्षक दीपक कुमार, परमेश्वर गोप तथा रिटायर्ड फुटबॉल क्लब के सदस्य सूरज थापा, विनय कुमार, जुबेर आलम, आदित्य कुमार, सुनील कुमार, बबलू तुरी, सुरेन्द्र शुक्ला, जितेन्द्र कुमार, मोहम्मद खुर्शीद आलम, ललन कुमार एवं अशोक कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
