भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय झारखंड प्रवास के क्रम में रविवार की अहले सुबह रांची से बोकारो जाने के दौरान रामगढ़ जिला पूरी तरह भाजपामय नजर आया। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का ऐतिहासिक और जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
रामगढ़ के कोठार स्थित शहीद निर्मल महतो चौक पर स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक झारखंडी नृत्य और फूलों की वर्षा के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का भव्य अभिनंदन किया। इसके बाद नेताओं ने वीर शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आत्मीय मुलाकात की, जहां उन्हें अंगवस्त्र और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का विशेष रूप से स्वागत करते हुए उन्हें एक स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) और विशेष तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का रामगढ़ आगमन हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
इसके बाद काफिला छतर मांडू पहुंचा, जहां दुर्गा मंदिर के समीप कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया। यहां भी नेताओं पर फूलों की वर्षा की गई और बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
स्वागत समारोह में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला, रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू, अमरेंद्र कुमार गुप्ता, राजीव जायसवाल, विजय जायसवाल, धनंजय पुटूस, संतोष शर्मा, शिवकुमार महतो, सरदार अनमोल सिंह, बृजेश पाठक, इलारानी पाठक, जगेश्वर प्रजापति, रूपा देवी, शशिशेखर सिंह, संजय अग्रवाल, तरुण साहू, शीतल सिंह, राजीव रंजन, उमेश प्रसाद, सुशांत पांडे, ऋषिकेश सिंह, प्रवीण कुमार सोनू, सहदेव ठाकुर, कुणाल दास, राजेश ठाकुर, मोहन पांडे, महेंद्र प्रजापति, दिलीप कुमार सिंह, सत्यजीत चौधरी, रामानंद महतो, किरण देवी, रूपलाल महतो, मनोज सिंह, दिनेश नायक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस दौरे और रामगढ़ में उनके स्वागत के लिए उमड़ी भारी भीड़ ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा आगामी राजनीतिक और सांगठनिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
