चौपारण थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 8,800 किलोग्राम जावा महुआ विनष्ट एवं 1,200 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त


उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संचय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन में चौपारण थाना क्षेत्र के परसातरी एवं अम्बातारी गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान में चौपारण थाना पुलिस का भी सहयोग प्राप्त हुआ।

छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने नदी किनारे एवं सुदूर जंगलों में छिपाकर संचालित की जा रही अवैध चुलाई शराब निर्माण की कई भट्टियों का पता लगाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, बर्तन एवं अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
कार्रवाई के क्रम में लगभग 8,800 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही विनष्ट किया गया तथा करीब 1,200 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अब तक की महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
उत्पाद विभाग द्वारा अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इस छापेमारी अभियान में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सय्यद बसिरुद्दीन, सहायक अवर निरीक्षक एंटोनी बागे, सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान तथा चौपारण थाना की पुलिस टीम शामिल रही।