साधु बनकर सोने के गहने ठगने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया जेवर


हजारीबाग, 09 जून 2026।
हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में साधु का भेष बनाकर लोगों को ठगने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से ठगी कर ले जाए गए सोने के जेवर एवं अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 08 जून 2026 की सुबह लगभग 3:30 बजे हुरहुरू निवासी गुड़िया देवी के पति ने पुलिस को सूचना दी कि तीन व्यक्ति साधु के वेश में उनके घर पहुंचे और बहला-फुसलाकर सोने का जेवर (जीतिया) ठगकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर छापामारी दल गठित कर कार्रवाई शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तीनों आरोपी साधु के भेष में घटना को अंजाम देकर भाग रहे हैं। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों द्वारा बताए गए दिशा में खोजबीन शुरू की और शिशिर अस्पताल के समीप एक ऑटो में सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से गुड़िया देवी का ठगा गया सोने का जीतिया एवं अन्य लॉकेट बरामद किए गए। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मल्टी लैबोर, अखिलेश लैबोर एवं तितई लैबोर के रूप में हुई है। तीनों आरोपी बिहार के रोहतास जिले के अमझौर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सोने का जीतिया (मोती लगा माला सहित) तथा सोने जैसे दिखने वाले 7 छोटे लॉकेट बरामद किए हैं। मामले में बड़ा बाजार थाना कांड संख्या 146/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साधु, बाबा या किसी अन्य वेशभूषा में आने वाले अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।