उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नीलाम पत्र वादों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिले के विभिन्न विभागों में लंबित नीलाम पत्र वादों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों से लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि पुराने लंबित नीलाम पत्र वादों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन कार्य में तेजी लाएं।
वर्तमान में संचालित नीलाम पत्र वादों के संदर्भ में उपायुक्त ने संबंधित पक्षों पर विधिवत नोटिस का तामिला सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि वादों का निष्पादन समयबद्ध तरीके से किया जा सके।
साथ ही उन्होंने रजिस्टर 9 एवं रजिस्टर 10 का मिलान कर सभी वादों के निष्पादन में पारदर्शिता एवं सटीकता बनाए रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने नीलाम पत्र पदाधिकारी को निर्देशित किया कि नोटिस तामिला की प्रक्रिया को तेज करते हुए आवश्यकतानुसार चौकीदारों के माध्यम से नोटिस भेजने की कार्रवाई तत्काल प्रारंभ की जाए।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
