ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व 2026 के अवसर पर जिले में विधि व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर नगर भवन, हजारीबाग में उपायुक्त श्री हेमन्त सती की अध्यक्षता में शांति समिति एवं विधि व्यवस्था की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक,उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त,अपर समाहर्ता, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की।
उपायुक्त ने जिले के सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक सुनिश्चित करें तथा स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाकर कार्य करें। दोनों अनुमंडल पदाधिकारियों को संदिग्ध एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध धारा 126 के तहत नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी आकस्मिक दुर्घटना से निबटने के लिए अस्पतालों एवं अग्निशमन वाहनों को 24x7 क्रियाशील रखने का निर्देश दिया, साथ ही गर्मी के मद्देनजर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बकरीद पर्व के दौरान होने वाली कुर्बानी को देखते हुए पशुओं के अवशेषों का व्यवस्थित तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने आमजनों से किसी भी सूचना अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की तथा जिला नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने का निर्देश दिया। जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06546-265233, 8002529349 एवं पुलिस सहायता हेतु 112 जारी किया गया।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने हेतु आम सूचना जारी करने का भी निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने विशेष रूप से विष्णुगढ़, ईचाक, बरही, बड़कागांव एवं टाटीझरिया क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार ने कहा कि विधि व्यवस्था संधारण के लिए सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अलर्ट मोड में कार्य करें। उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च करने का निर्देश दिया तथा आमलोगों से सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक एवं जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट से बचें तथा प्रशासन को सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखें।
बैठक के अंत में जिलेवासियों से आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ ईद उल जुहा (बकरीद) पर्व मनाने की अपील की गई।
मौके पर शांति समिति के सदस्यों से सुझाव भी लिए गए।
