हजारीबाग जिला समाहरणालय के सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक पूर्व निर्धारित समयानुसार शुरू हुई। बैठक की शुरुआत मुख्य रूप से केंद्रीय एवं महिला बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद माननीय श्रीमती अन्नपूर्णा देवी जी की अध्यक्षता में हुई। दोपहर 12:36 बजे केंद्रीय मंत्री ने दिशा के उपाध्यक्ष सह हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल को आगे की बैठक की अध्यक्षता करने का निर्देश दिया और वे अगले कार्यक्रमों के लिए प्रस्थान कर गईं। इसके बाद पूरी बैठक सांसद मनीष जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकार द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य के तहत हर तीन महीने में दिशा की बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के कार्यों का बारीकी से मूल्यांकन किया जाता है। समीक्षा के दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस बार की बैठक में पाया गया कि कुछ चुनिंदा विभाग जैसे कि स्वास्थ्य विभाग खुद ही बीमार चल रहा है, जबकि जनता से सीधा सरोकार रखने वाले पेयजल एवं स्वच्छता तथा बिजली विभाग पूरी तरह से फिसड्डी साबित हुए हैं। उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए उसे बैशाखी पर टिकी सरकार बताया।
इस उच्चस्तरीय बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की तमाम महत्वपूर्ण योजनाओं पर बिंदुवार और विस्तृत चर्चा की गई। इनमें मुख्य रूप से मनरेगा, अंत्योदय योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम कौशल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, नेशनल रूरल ड्रिंकिंग वॉटर प्रोग्राम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मिशन, अटल मिशन फॉर रिन्यूएबल अर्बन ट्रांसफॉरमेशन (अमृत), प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, नेशनल हेल्थ मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, इंटीग्रेटेड चाइल्ड डेवलपमेंट स्कीम, उज्जवला योजना तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत पब्लिक इंटीग्रेंट प्रोग्राम शामिल रहे। इसके अलावा रेलवे, हाईवे, वाटर वेज, माइंस से संबंधित आधारभूत संरचना निर्माण की योजना, प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना, ई-नाम, पीएमकेएसवाई और प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना जैसी बड़ी विकास परियोजनाओं की भी गहन समीक्षा की गई।
लापरवाह विभागों और अधिकारियों को लगी कड़ी फटकार, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विकास कार्यों को पारदर्शी बनाने और स्वास्थ्य, पेयजल व बिजली व्यवस्था सुधारने का सख्त निर्देश
बैठक के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने आरईओ के कार्यपालक अभियंता की अनुपस्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सख्त सवाल खड़े किए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि क्षेत्र में सड़कों के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को जिले के सभी सर्विस लेन को तत्काल दुरुस्त करने, प्रखंड स्तर पर कैंप लगाकर दिव्यांगजनों के लिए विकलांगता प्रमाण पत्र जारी करने तथा बीज, खाद एवं कृषि उपकरणों के वितरण को पूरी तरह पारदर्शी बनाने का निर्देश दिया। हजारीबाग शहरी जलापूर्ति योजना को लेकर उन्होंने जिला प्रशासन और नगर निगम को एल एंड टी कंपनी के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति का अवलोकन करने को कहा। बैठक में मंडई स्थित डंपिंग यार्ड में कचरा और वैक्यूम गाड़ियों को विशेष रूप से प्रोटेक्टिव बनाने, जिले के शत-प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों को उन्नत केंद्रों में तब्दील करने तथा सभी दिव्यांगजनों को चिन्हित कर उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की बात कही गई।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, बिजली और बैंकिंग सेक्टर के अधिकारियों को भारी विरोध और फटकार का सामना करना पड़ा। जिले के सिविल सर्जन और शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डिप्टी सुप्रिटेंडेंट जब बिना सटीक आंकड़ों के बैठक में पहुंचे, तो सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से ताली बजाकर अनोखे अंदाज में उनकी कुव्यवस्था का प्रतिकार किया और व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को खराब चापानलों और ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं को तुरंत सुदृढ़ करने की हिदायत दी गई। बिजली विभाग पर तंज कसते हुए सांसद ने कहा कि विभाग इतनी 'बेहतर' बिजली दे रहा है कि जनता परेशान है। लोहसिंघना फीडर में विभागीय लापरवाही के कारण सैकड़ों उपभोक्ताओं के एसी, कूलर और पंखे जलने का मुद्दा जोर-शोर से उठा। जब बिजली अधिकारियों ने 20-22 घंटे बिजली देने का दावा किया, तो सदन के सभी सदस्यों ने एक स्वर में उनके झूठ का कड़ा विरोध करते हुए जमकर लताड़ लगाई। इसके अलावा मुद्रा लोन को लेकर शिथिलता बरतने पर बैंक अधिकारियों को भी फटकार झेलनी पड़ी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से सांसदमनीष जायसवाल, बरही विधायक मनोज कुमार यादव, बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता, जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव और मेयर अरविंद राणा उपस्थित थे। प्रशासनिक अधिकारियों में उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, उपविकास आयुक्त रिया सिंह सहित कई अन्य वरीय अधिकारी और दिशा समिति के सम्मानित सदस्य मुख्य रूप से मौजूद रहे।
