जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक संपन्न

 


हजारीबाग: माननीय केंद्रीय मंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार एवं श्रीमती अन्नपूर्णा देवी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक समाहरणालय सभागार में संपन्न हुई।

बैठक में हजारीबाग सांसद श्री मनीष जायसवाल, उपायुक्त श्री हेमन्त सती, पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार, बरही विधायक श्री मनोज यादव, बरकट्ठा विधायक श्री अमित यादव, सदर विधायक श्री प्रदीप प्रसाद,  बड़कागांव विधायक श्री रोशनलाल चौधरी, मांडू विधायक श्री निर्मल महतो एवं बगोदर विधायक श्री नागेंद्र महतो, उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष श्री उमेश मेहता, महापौर श्री अरविंद राणा, जिला परिषद उपाध्यक्ष,  सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजना, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, कल्याण, आपूर्ति, समाज कल्याण, ऊर्जा, भूमि संरक्षण, भवन प्रमंडल, राष्ट्रीय राजमार्ग, वन विभाग, जिला परिषद, नगर निगम, भू-अर्जन सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन, योजनाओं की प्रगति तथा क्रियान्वयन की स्थिति का मूल्यांकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए माननीय केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से आम जनता तक पहुंचाना हम सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, सतत निगरानी तथा शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निवारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने अपने क्षेत्र में विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित एवं संचालित योजनाओं के बेहतर संचालन एवं क्रियान्वयन हेतु विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान सदस्यों द्वारा विष्णुगढ़ अंचलाधिकारी के कार्यों से संबंधित गंभीर शिकायतें उठाई गईं। इस पर समिति द्वारा विभागीय कार्रवाई हेतु आरोप पत्र गठित करने तथा स्थानांतरण की अनुशंसा करने का निर्णय लिया गया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसबीएमसीएच) में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल परिसर में स्थापित पंखे, लाइट, कूलर एवं एयर कंडीशनर को 20 जून तक क्रियाशील बनाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। डिलीवरी वार्ड में बेहतर चिकित्सकों, एएनएम एवं आवश्यक कर्मियों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

सांसद श्री मनीष जायसवाल ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल एवं प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया। माननीय केंद्रीय मंत्री ने अस्पताल में व्याप्त कमियों को दूर करने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में एसबीएमसीएच की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त को प्रशासक की जिम्मेदारी प्रदान की गई। उन्हें संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर एक माह के भीतर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की पहचान एवं कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों के बीच वितरित बीजों का भौतिक सत्यापन प्रतिवेदन जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने तथा बीज वितरण कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी पैक्स भवनों के निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने का निर्देश संबंधित अंचलाधिकारियों को दिया गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को मानसून पूर्व सभी उपयोगिता सेवाओं को दुरुस्त करने तथा बैठक में उठाए गए मामलों पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। योजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन से संबंधित मामलों में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कोनार डैम से जलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त को योजना के विभिन्न घटकों की बिंदुवार समीक्षा कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पशुपालन विभाग को पशु चिकित्सकों की रोस्टर ड्यूटी सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए।

दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तथा किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को बरही एवं बरकट्ठा क्षेत्र में जलापूर्ति योजनाओं में आ रही समस्याओं का समाधान करने तथा लंबित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। चौपारण में सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने के निर्देश भी दिए गए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों के उन्नयन, मध्याह्न भोजन, कर्मियों के मानदेय, शिक्षक युक्तिकरण तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। प्राथमिक विद्यालय बेलापुर के भवन निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में संचालित योजनाओं के रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित प्रखंड प्रशासन एवं एमडीओ के माध्यम से सुनिश्चित की जाएगी।

बिजली विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विष्णुगढ़, पकरी बरवाडीह एवं बरही में निर्माणाधीन पावर ग्रिडों के चालू होने के बाद विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। आरडीएसएस के अंतर्गत जर्जर विद्युत तारों को बदलने तथा संबंधित योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

बैठक में बैंकिंग क्षेत्र की समीक्षा करते हुए मुद्रा ऋण एवं सीडी रेशियो में वृद्धि हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पथ निर्माण विभाग को विभिन्न लंबित सड़क निर्माण परियोजनाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों को दिए गए निर्देशों के प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।