हजारीबाग यूथ विंग द्वारा संचालित नारी शक्ति अभियान लगातार समाज में सकारात्मक बदलाव की नई मिसाल पेश कर रहा है। इसी कड़ी में आर्ष कन्या गुरुकुल एवं वीणा हॉस्पिटल की नर्सिंग स्टाफ के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को मासिक स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। आज भी कई जगहों पर मासिक स्वच्छता जैसे विषयों पर खुलकर चर्चा नहीं हो पाती है, जिसके कारण जागरूकता का अभाव देखने को मिलता है। हजारीबाग यूथ विंग इस सोच को बदलने और महिलाओं को जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। यह कार्यक्रम संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन एवं अध्यक्ष करण जायसवाल के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। संस्था की महिला सदस्य लगातार विद्यालयों, अस्पतालों एवं विभिन्न संस्थानों में पहुंचकर महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संस्था द्वारा संयुक्त टीम का गठन किया गया है, जिसमें सेजल सिंह, प्रज्ञा कुमारी एवं खुशी कुमारी शामिल हैं। टीम द्वारा अभियान को प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि समाज तभी मजबूत बनेगा जब महिलाएं स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर होंगी। नारी शक्ति अभियान महिलाओं के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को समर्पित एक सार्थक पहल है।
वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग केवल सेवा नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहा है। आने वाले दिनों में यह अभियान और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं तक इसका लाभ पहुंच सके। नारी शक्ति अभियान के प्रथम चरण में 1500 पीस सेनेटरी पैड विभिन्न विद्यालयों, अस्पतालों एवं जरूरतमंद महिलाओं के बीच वितरित किए जाएंगे। जिसमें अब तक करीब एक हजार वितरण किया जा चुका है। अभियान को लेकर महिलाओं एवं छात्राओं में उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग संस्था के इस प्रयास की सराहना कर रहे हैं।
