उपायुक्त का नगर निगम क्षेत्र में मैराथन दौरा, विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण

 


उपायुक्त हेमन्त सती ने बुधवार को नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों का व्यापक भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह भी उपस्थित रहीं। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने नगर भवन, खीरगांव स्थित कम्युनिटी हॉल, नए एवं पुराने बस स्टैंड, पिछड़ी जाति बालिका उच्च विद्यालय,मटवारी तथा गांधी मैदान का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय नगर भवन का निरीक्षण निरीक्षण की शुरुआत स्थानीय नगर भवन से हुई, जहां उपायुक्त ने भवन के सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के प्रवेश एवं निकासी द्वार, चहारदीवारी, शौचालय, हॉल की आंतरिक साज-सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, बेहतर साउंड सिस्टम, सोलर आधारित बिजली व्यवस्था, वातानुकूलन एवं फायर सेफ्टी जैसी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने हेतु जिला परिषद को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त नगर भवन की छत पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने छत पर जलजमाव एवं पानी रिसाव की समस्या देखी। मौके पर उपस्थित जिला परिषद अभियंता को उन्होंने शीघ्र स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन की कई महत्वपूर्ण बैठकें नगर भवन में आयोजित होती हैं, इसलिए इसका सुव्यवस्थित एवं बेहतर रखरखाव आवश्यक है। इसके पश्चात उपायुक्त ने नगर निगम द्वारा निर्मित कम्युनिटी हॉल का निरीक्षण खीरगांव स्थित नगर निगम द्वारा निर्मित कम्युनिटी हॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भवन वर्तमान में किसी उपयोग में नहीं है तथा अनधिकृत रूप से कब्जे में रखा गया है। उपायुक्त ने इस संबंध में जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने भवन का उपयोग रैन बसेरा अथवा शेल्टर होम के रूप में किए जाने की संभावना पर कार्य करने को कहा। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नगर निगम के अन्य अनुपयोगी भवनों की भी नियमित समीक्षा कर उनका जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

नए एवं पुराने बस स्टैंड का भ्रमण सह निरीक्षण

उपायुक्त ने इसके बाद नए एवं पुराने बस स्टैंड का निरीक्षण किया। उन्होंने बस स्टैंड परिसर की साफ-सफाई, बसों की व्यवस्थित पार्किंग, दुकानों एवं होटलों के बाहर कचरा न फैलाने तथा प्रत्येक दुकान के बाहर कूड़ादान रखने का निर्देश दिया। गर्मी को देखते हुए यात्रियों की सुविधा हेतु प्याऊ की व्यवस्था, शौचालयों की नियमित सफाई एवं यात्रियों के बैठने के लिए शेड निर्माण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड बंदोबस्ती से प्राप्त राशि का उपयोग बस स्टैंड की सुविधाओं के विकास एवं रखरखाव में किया जाए।

पिछड़ी जाति बालिका आवासीय उच्च विद्यालय, मटवारी का निरीक्षण

निरीक्षण क्रम में उपायुक्त ने कल्याण विभाग द्वारा संचालित पिछड़ी जाति बालिका आवासीय उच्च विद्यालय,मटवारी का भी भ्रमण किया। उन्होंने छात्रावास परिसर, रसोईघर, रोटी मेकिंग मशीन, सोलर पैनल की कार्यशीलता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही आवासीय विद्यालय में चार अतिरिक्त क्लास रूम निर्माण की आवश्यकता पर चर्चा की। छात्रावास प्रबंधन द्वारा जानकारी दी गई कि वर्तमान में यहां 200 बालिकाएं आवासित हैं। उपायुक्त ने छात्राओं के खेलकूद हेतु निर्मित बास्केटबॉल कोर्ट का भी निरीक्षण किया।

गांधी मैदान,मटवारी का निरीक्षण

नगर भ्रमण के अंतिम चरण में उपायुक्त गांधी मैदान, मटवारी पहुंचे और मैदान की स्थिति का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। उपायुक्त ने मैदान में प्रकाश व्यवस्था, कूड़ादान की उपलब्धता तथा बैठने की समुचित व्यवस्था को लेकर सहायक नगर आयुक्त से जानकारी प्राप्त की एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि नगर क्षेत्र के सार्वजनिक परिसंपत्तियों का बेहतर रखरखाव एवं जनहित में उनका प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा