हजारीबाग में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती पर उमड़ा जनसैलाब, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन


हजारीबाग में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर महाराणा प्रताप चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, विधायक प्रदीप प्रसाद, मेयर अरविंद राणा, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता, कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह, झामुमो के वरिष्ठ नेता डॉक्टर कमल नयन सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और आम नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई। आयोजन स्थल पर “महाराणा प्रताप अमर रहें” और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। उपस्थित नेताओं और वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए कहा कि उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन संघर्ष और बलिदान में समर्पित कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि महाराणा प्रताप त्याग, पराक्रम और स्वाभिमान के प्रतीक थे। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से सीख लेने की आवश्यकता है। कांग्रेस नेता सह पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का नाम आज भी वीरता, स्वाभिमान और देशभक्ति के लिए लिया जाता है।

मेयर अरविंद राणा ने युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने की अपील की। जिला परिषद अध्यक्ष उमेश मेहता ने वीर सपूत को बारंबार नमन करते हुए कहा कि देश के लिए बलिदान देने वालों को हमेशा याद रखा जाएगा। झामुमो के वरिष्ठ नेता डॉक्टर कमल नयन सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप राष्ट्रभक्ति और साहस की अमिट पहचान हैं।

कार्यक्रम के आयोजक पंकज सिंह, दीपक सिंह, रवि सिंह, डॉक्टर मिथलेश और राकेश सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप के आदर्श आज भी समाज को एकजुट रहने और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

मौके पर वार्ड पार्षद विकास यादव, राजू सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिनोद कुशवाहा, शशि मोहन सिंह, वीरेंद्र सिंह, रमेश सिंह, धीरज सिंह, सुनील सिंह राठौर, सवर्ण एकता मंच के मुख्य संयोजक मुकेश सिंह, सुबोध ओझा, बलराम शर्मा, प्रकाश कुमार, वरिष्ठ पत्रकार विकाश सिंह, परमानंद सिंह, प्रेम शंकर सिंह, गोपाल सिंह, कृष्ण कुमार सिन्हा, दीपक राय, आलोक सिंह, अनूप सिंह, मनोज कुमार सरोज, शंकरदीप सिंह, शंभू सिंह, कामाख्या सिंह, अमित सिंह, चन्दन सिंह, ठाकुर प्रशांत सिंह, ठाकुर संतोष सिंह, विक्रांत सिंह, सुनील सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।