विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने वेबिनार के माध्यम से की संयुक्त समीक्षा बैठक


उपायुक्त हेमन्त सती एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमन कुमार द्वारा संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी (सीओ) एवं थाना प्रभारी जुड़े।

बैठक में उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व से दिए गए निर्देशों के अनुरूप सूखे पेड़ों की कटाई के लिए थाना के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मंगलवार से 10 दिनों का विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान के दौरान सूखे पेड़ों की टहनियां गिरने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा बिजली के तारों पर गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित होती है।

उपायुक्त ने जनता दरबार में आने वाले मामलों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकांश मामले आपसी विवाद एवं जमीन से संबंधित होते हैं, जिनका त्वरित निष्पादन संभव नहीं हो पाता। ऐसे मामलों के प्रभावी निष्पादन हेतु सभी प्रखंडों में प्रथम दो शनिवार को “थाना दिवस” तथा मंगलवार एवं शुक्रवार को “अंचल दिवस” आयोजित करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी आपसी समन्वय से स्थानीय मामलों की सुनवाई सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में अवैध कोयले के परिवहन पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपायुक्त ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को सख्ती से रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही नशाखोरी पर नियंत्रण हेतु नियमित एवं प्रभावी छापामारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन एवं नशाखोरी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों को विधि-व्यवस्था संधारण हेतु एक प्लेटफार्म पर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों पर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जहां भी सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया जाए, वहां त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध संरचनाओं को ध्वस्त किया जाए।