स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार आगामी जून माह को “मलेरिया रोधी माह” के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान जिले भर में मलेरिया से बचाव, रोकथाम एवं जन-जागरूकता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मानसून की शुरुआत के साथ मलेरिया के प्रसार की संभावना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि आमजन मलेरिया के प्रति सतर्क रहें तथा समय पर जांच एवं उपचार करा सकें।
इस वर्ष मलेरिया रोधी माह की थीम “Driven to End Malaria: Now We Can, Now We Must” निर्धारित की गई है। अभियान का उद्देश्य मलेरिया के प्रति जन समुदाय को जागरूक करना, बचाव के उपायों की जानकारी देना तथा सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना है।
अभियान के अंतर्गत ग्राम गोष्ठी, रात्रि चौपाल, विद्यालय जागरूकता कार्यक्रम, रैली, प्रभातफेरी, दीवार लेखन, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में मलेरिया से बचाव संबंधी संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास जलजमाव न होने दें, मच्छरदानी का नियमित उपयोग करें, बुखार होने पर तुरंत जांच कराएं तथा मलेरिया के लक्षण दिखने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालयों एवं सामाजिक संगठनों से इस जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
