हजारीबाग: हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने उपायुक्त श्री हेमंत सती से शिष्टाचार भेंट कर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्याप्त पेयजल और बिजली की समस्या सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से सकारात्मक चर्चा की।
भेंट के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने क्षेत्र की जनता को हो रही असुविधाओं, विशेषकर भीषण गर्मी के मौसम में उत्पन्न पेयजल संकट, विद्युत आपूर्ति की अनियमितता तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु प्रशासन से प्रभावी पहल करने का आग्रह किया।
उपायुक्त हेमंत सती ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए उन पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि पिछली मुलाकात के दौरान विधायक प्रदीप प्रसाद ने शहर में बड़ी संख्या में सूख चुके एवं जर्जर पेड़ों की समस्या से भी उपायुक्त को अवगत कराया था, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ था। इस संबंध में प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए शहर में सूखे पेड़ों की कटाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके लिए विधायक प्रदीप प्रसाद ने उपायुक्त का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है।
विधायक ने विश्वास जताया कि प्रशासन के सहयोग से जनहित से जुड़े इन सभी विषयों पर शीघ्र सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे और क्षेत्र के नागरिकों को राहत प्राप्त होगी।
