सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान : बरसोत पंचायत से 60वां जत्था रवाना, सांसद मनीष जायसवाल ने श्रद्धालुओं का पांव पखार लिया आशीर्वाद


हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए चलाए जा रहे सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान के तहत 60वां जत्था गुरुवार की देर शाम को बरही विधानसभा क्षेत्र के बरही पूर्वी मंडल अंतर्गत बरसोत पंचायत से रवाना किया गया। हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए विदा किया। इस अवसर पर कुल 65 श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ तीर्थ यात्रा पर निकले।विदाई के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था, उत्साह और भावनाओं की झलक साफ दिखाई दे रही थी। सांसद मनीष जायसवाल ने वृद्ध महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं का पांव पखार कर उनका आशीर्वाद लिया और उनके सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इस भावुक पल ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इस मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान का उद्देश्य समाज के उन बुजुर्गों को तीर्थ स्थलों के दर्शन कराना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से अपने जीवन में धार्मिक यात्रा नहीं कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और उनके चेहरे पर खुशी लाना सबसे बड़ा सौभाग्य है। यह अभियान लगातार जनआस्था और सेवा का माध्यम बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक 59 जत्थे सफलतापूर्वक विभिन्न पवित्र स्थलों का दर्शन कर चुके हैं और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सांसद ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष किशुन यादव, हजारीबाग लोकसभा सांसद प्रतिनिधि अजय साव, बरही विधानसभा सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि रंजीत चंद्रवंशी, जिला परिषद प्रतिनिधि गुरुदेव गुप्ता, मुखिया संघ अध्यक्ष सह मंडल अध्यक्ष विजय यादव, स्थानीय मुखिया सह मंडल सांसद प्रतिनिधि मोतीलाल चौधरी, भगवान केशरी, मंडल अध्यक्ष नागेश्वर रजक, आकाश जायसवाल, सुजीत कुमार, दामोदर महतो, रामचन्द्र टुड्डू, रामचन्द्र कुशवाहा, महादेव महतो, इंद्रदेव रजवार, अजय रामराज, संगीता देवी, सुमित्रा देवी, प्रदीप कुशवाहा सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित थे। सभी ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनकी सफल और मंगलमय यात्रा की कामना की।