हजारीबाग : भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों से बेहाल लोगों के बीच हजारीबाग यूथ विंग ने मानवता और सेवा का अनूठा उदाहरण पेश किया। करीब 39 डिग्री तापमान के बीच भारत माता चौक के समीप संस्था द्वारा विशाल शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 5000 से अधिक राहगीरों, मजदूरों, एम्बुलेंस चालकों, यात्रियों एवं आम नागरिकों के बीच ठंडे एवं मीठे शरबत का वितरण किया गया।
तेज धूप में जब लोग गर्मी से परेशान होकर गुजर रहे थे, तब हजारीबाग यूथ विंग के सदस्य लगातार लोगों को शरबत पिलाकर राहत पहुँचाने में जुटे रहे। कार्यक्रम स्थल पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ठंडा शरबत पीने के बाद राहगीरों के चेहरे पर मिली राहत और मुस्कान ने पूरे माहौल को मानवीय संवेदनाओं से भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी मुन्ना सिंह भी भारत माता चौक से गुजरने के क्रम में कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने स्वयं भी राहगीरों के बीच शरबत वितरण कर लोगों को राहत पहुँचाई। इस दौरान उन्होंने हजारीबाग यूथ विंग के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार समाजहित में सराहनीय कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक के रूप में जयप्रकाश खंडेलवाल एवं प्रणीत जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों ने पूरी व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए सेवा कार्य को सफल बनाया। हजारीबाग यूथ विंग लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रहा है। संस्था द्वारा पूर्व में बरसात के मौसम में जरूरतमंदों के बीच रेनकोट वितरण तथा जाड़े के मौसम में कंबल वितरण जैसे जनसेवा कार्य भी किए जा चुके हैं।
संस्था के संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन ने कहा कि हजारीबाग यूथ विंग का उद्देश्य हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़ा रहना है। सेवा कार्य ही संस्था की सबसे बड़ी पहचान है और आगे भी इसी तरह जनहित में कार्य जारी रहेंगे।
वहीं संस्था के अध्यक्ष करण जायसवाल ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुँचाने की भावना से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोगों का स्नेह और सहयोग संस्था को लगातार समाजहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
मौके पर संरक्षक चंद्रप्रकाश जैन, अध्यक्ष करण जायसवाल, उपाध्यक्ष विकास तिवारी, सचिव रितेश खंडेलवाल, सह सचिव अभिषेक पांडे, मार्गदर्शक जयप्रकाश खंडेलवाल, संजय कुमार, कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद ताजुद्दीन, प्रमोद खंडेलवाल, प्रणीत जैन, सत्यनारायण सिंह, राजेश जैन, सनी देव, सेजल सिंह, खुशी कुमारी, केशव, कुश पांडे सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
