हजारीबाग: जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ज्वेलस्टर हाउस दीपुगढ़ा के पास पुलिस ने अवैध ब्राउन शुगर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 20.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 17 मई 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कोर्रा थाना क्षेत्र के ज्वेलस्टर हाउस दीपुगढ़ा में अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रोशन कुमार दांगी (21 वर्ष), पिता केदार दांगी, निवासी लोवागड़ा, थाना-चतरा, संदीप कुमार दांगी (27 वर्ष), निवासी लोवागड़ा, थाना-चतरा तथा सौरभ कुमार दांगी (22 वर्ष), पिता योगेंद्र प्रसाद, निवासी ग्राम-चापी, थाना-शेरघाटी, जिला-गया, बिहार, वर्तमान पता लोवागड़ा, थाना-चतरा शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 20.5 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर, 3 स्मार्टफोन, एक अपाची मोटरसाइकिल एवं एक क्रेटा कार बरामद की है। इस संबंध में कोर्रा थाना कांड संख्या 81/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि गिरफ्तार आरोपी सौरभ कुमार दांगी का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, पेलावल ओपी प्रभारी, कोर्रा थाना प्रभारी, तकनीकी शाखा हजारीबाग एवं कोर्रा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
