
हजारीबाग - शहर के खिरगांव स्थित मोमिन उर्दू गर्ल्स स्कूल परिसर में रविवार को आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल की ओर से निःशुल्क स्त्री रोग एवं बाल रोग स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के आयोजन में वार्ड संख्या 32 के वार्ड पार्षद एमडी मुस्तकीम उर्फ मांदुल का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य शिविर में 250 से अधिक महिलाओं एवं बच्चों ने पहुंचकर मुफ्त स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। प्रत्येक रविवार को शहर के विभिन्न इलाकों में ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक उनके आसपास ही बेहतर चिकित्सकीय सुविधा पहुंचाना, महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को और मजबूत बनाना है। शिविर में नवजात एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश चंद्र ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच करते हुए अभिभावकों को सही पोषण, समय पर टीकाकरण, साफ-सफाई एवं मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। वहीं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रीमा वर्मा ने महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, संतुलित भोजन, नियमित जांच तथा महिलाओं से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद एमडी मुस्तकीम उर्फ मांदुल ने कहा कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविरों को महत्वपूर्ण बताया तथा अस्पताल की इस पहल की सराहना की। अस्पताल के निदेशक हर्ष अजमेरा ने कहा कि आरोग्यम कुणाल महिला एवं शिशु अस्पताल का उद्देश्य केवल इलाज तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।अस्पताल लगातार स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से शहरवासियों को स्वस्थ एवं समृद्ध बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। अस्पताल की प्रशासक जया सिंह ने कहा कि आज के समय में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल द्वारा लोगों के बीच जाकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है, जिससे आम लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उचित सलाह एवं इलाज मिल पा रहा है। शिविर को सफल बनाने में फहीमुद्दीन सहायक सचिव ताज्जुशरिया मस्जिद, एजाज आलम, अबराक हसन सहायक सचिव शमा लाइब्रेरी, एमडी साहबान, परवेज आलम, सुनील स्टोर, एमडी इशाक कैशियर मस्जिद ताजुस्सरिया, मोहसिन रजा, इस्तियाक अंसारी, साहाबुद्दीन, मोबास्सिर एवं सोहायेब का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर के दौरान लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, बच्चों की बेहतर देखभाल करने तथा महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।