समाज कल्याण विभाग, हजारीबाग द्वारा आज दिनांक 29 मई 2026 को प्रखंड सभागार में “माहवारी स्वच्छता दिवस 2026” के अवसर पर किशोरी बालिकाओं हेतु एक दिवसीय उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सदर परियोजना में किया गया। कार्यक्रम में हजारीबाग सदर शहरी एवं सदर ग्रामीण क्षेत्र की किशोरियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को माहवारी एवं मासिक धर्म स्वच्छता से संबंधित सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं मिथकों को दूर करना था।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त सदर ग्रामीण एवं सदर शहरी के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएँ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएँ, सी3 के अभिनव कुमार तथा AVA के आदित्य कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम बड़कागांव, कटकमसांडी, चुरचू, सदर और डाडी प्रखंड में भी आयोजित की गई थी। उन्मुखीकरण कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक परिवर्तनों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही मासिक धर्म, मासिक चक्र, माहवारी के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित पोषण, सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं निस्तारण, संक्रमण से बचाव तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में माहवारी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों एवं मिथकों पर भी खुलकर संवाद किया गया तथा बालिकाओं को बिना झिझक अपनी समस्याएँ एवं अनुभव साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिन्हा ने कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास एवं जागरूकता के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। साथ ही सभी कर्मियों को आदेश दिया कि इस प्रकार का कार्यक्रम प्रत्येक माह सभी प्रखंड, पंचायत एवं ग्रामीण स्तर पर करवाया जाए, जिससे किशोरियों में जागरूकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं कर्मियों को किशोरियों के बीच स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी निरंतर पहुँचाने हेतु प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने बाल विवाह, डायन कुप्रथा, बाल मजदूरी, बाल हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया तथा 181 एवं 1098 जैसे टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी किशोरियों को दी। उन्होंने बाल हिंसा के विरुद्ध चुप्पी तोड़ने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सहायता लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरियों को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा गिफ्ट हैंपर देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने किशोरी बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु सामूहिक प्रयास निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
