अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1400 किलोग्राम जावा महुआ विनष्ट, 370 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त


उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संचय एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन एवं निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में सदर एवं बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया गया।

छापेमारी के दौरान हुरहुरु क्षेत्र में 4, कुम्हारटोली क्षेत्र में 7 तथा पारनाला क्षेत्र में गहरे नाले के किनारे गड्ढा खोदकर छुपाकर रखी गई 5 अलग-अलग अवैध महुआ चुलाई शराब भट्ठियों पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान संचालित भट्ठियों को ध्वस्त किया गया।

कार्रवाई के क्रम में घटनास्थल एवं आसपास छुपाकर रखा गया लगभग 1400 किलोग्राम किन्वयन योग्य जावा महुआ विनष्ट किया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, बर्तन आदि जब्त किए गए एवं करीब 370 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।

उत्पाद विभाग द्वारा बताया गया कि मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की जा रही है तथा उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

इस छापेमारी अभियान में निरीक्षक उत्पाद श्री सौरभ कुमार झा, अवर निरीक्षक उत्पाद श्री भुनेश्वर नायक, अवर निरीक्षक उत्पाद श्री सुमितेश कुमार, उत्पाद आरक्षी श्री अनूप कुमार सिंह एवं सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे।

अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध आगे भी सघन अभियान निरंतर जारी रहेगा।