हजारीबाग के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र में 29 मार्च को रामनवमी जुलूस के दौरान हुई अभिषेक कुमार वर्मा की नृशंस हत्या के मामले ने अब सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर गंभीर रूप ले लिया है। इसी को लेकर जिला परिसदन, हजारीबाग में चंद्रवंशी समाज की एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से सैकड़ों लोग शामिल हुए।
बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा के देवघर जिलाध्यक्ष राहुल कुमार चंद्रवंशी, वरीय पत्रकार उमेश प्रताप, माकपा के जिला सचिव गणेश कुमार सिट्टू, कांग्रेसी नेता सुरजीत नागवाला सहित कई सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने एक स्वर में घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
समाज के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की कि इस मामले में शामिल सभी अभियुक्तों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, साथ ही पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और समुचित मुआवजा दिया जाए। राहुल कुमार चंद्रवंशी ने स्पष्ट कहा कि चंद्रवंशी समाज अब किसी भी प्रकार का अत्याचार बर्दाश्त नहीं करेगा और मृतक के परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।
इसी क्रम में 7 अप्रैल को चंद्रवंशी समाज के सैकड़ों लोग पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। समाज के लोगों ने यह भी ऐलान किया कि अभिषेक कुमार वर्मा की बहनों की शादी का पूरा खर्च समाज उठाएगा, जो एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी और एकजुटता का संदेश है।
समाज ने यह भी निर्णय लिया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल रांची जाकर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेगा और पूरे मामले की जानकारी देकर न्याय की मांग करेगा। श्राद्ध कार्यक्रम के बाद पुनः पीड़ित परिवार के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
यह पूरा घटनाक्रम न केवल एक जघन्य अपराध के खिलाफ न्याय की लड़ाई को दर्शाता है, बल्कि समाज की एकजुटता और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनशीलता का भी मजबूत उदाहरण पेश करता है।

