हजारीबाग के उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह (IAS) द्वारा आज सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उप विकास आयुक्त श्रीमती रिया सिंह भी उपस्थित रहीं। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, व्यवस्थाओं की स्थिति एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेना था।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पूरे अस्पताल परिसर का भ्रमण किया और विभिन्न वार्डों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की जांच की। उन्होंने सर्जरी, आर्थो, गायनी, डायलिसिस, शिशु वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, वरिष्ठ नागरिक वार्ड, अल्ट्रासाउंड केंद्र, सिटी स्कैन, एक्स-रे, लैब और ड्रेसिंग रूम का गहन निरीक्षण किया। हर विभाग में व्यवस्थाओं की स्थिति को बारीकी से परखा गया।
इस दौरान उपायुक्त ने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए डस्टबिन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और नियमित सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उनका हाल-चाल जाना और दवाइयों, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं संबंधित पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। विशेष रूप से गंभीर मरीजों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें निरंतर चिकित्सकीय निगरानी में रखने की बात कही गई।
