जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने आज 15 अप्रैल को निर्माणाधीन शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर के विस्तार एवं प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज के निर्माण हेतु भूमि चिन्हितीकरण के क्रम में संबंधित स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर से सटे भू-भाग पर नर्सिंग कॉलेज का निर्माण प्रस्तावित है। साथ ही, मेडिकल कॉलेज के समुचित विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में स्वास्थ्य विभाग, झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव श्री अजय कुमार के हजारीबाग भ्रमण के दौरान प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में यह निरीक्षण किया जा रहा है।
उपायुक्त ने जानकारी दी कि आगामी समय में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पीजी पाठ्यक्रम की भी शुरुआत की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि होगी। इस परिप्रेक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कैंपस, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास हेतु लगभग 25 एकड़ भूमि का चिन्हितीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्ध होने से मेडिकल कॉलेज का सुव्यवस्थित एवं व्यापक विस्तार संभव होगा, जिससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और अधिक सुधार आएगा।
उपायुक्त ने यह भी अवगत कराया कि वर्तमान में उपलब्ध 14 फीट चौड़ी सड़क को विस्तारित कर 40 फीट चौड़ा किया जाएगा, जिससे बड़े वाहनों एवं एम्बुलेंस की आवाजाही सुगम एवं व्यवस्थित हो सकेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि चिन्हितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने एवं आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता श्री संतोष कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य पांडेय, सदर अंचल अधिकारी श्री आशुतोष कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
