हजारीबाग में दुखद घटनाओं पर पूर्व प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने जताया शोक, पीड़ित परिवारों से मिलकर दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा


हजारीबाग: 
सदर विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई दुखद घटनाओं को लेकर पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह सोमवार को प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचे और अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।

सबसे पहले वे कटकमदाग प्रखंड के पसाई गांव पहुँचे, जहाँ कुछ दिनों पूर्व राजेश साव की हत्या कर दी गई थी। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने कटकमदाग थाना प्रभारी से दूरभाष पर बात कर मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

इसके बाद मुन्ना सिंह कटकमसांडी प्रखंड के गद्दोखर पंचायत पहुँचे, जहाँ कांग्रेस जिला सचिव ग़ुलाम सबीर उर्फ बबलू अंसारी की पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर गहरी संवेदना प्रकट की और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुन्ना सिंह ने दोनों ही घटनाओं पर दुख जताते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और उनके परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्राप्त हो।

इस दौरान मुख्य रूप से निशार अहमद, मुंशी साव, पवन साव, राजन साव, विजय साव, अंसारी जी, आशीष कुमार, उमेश कुमार एवं मुन्ना सिंह के निजी प्रतिनिधि विक्की कुमार धान मौजूद रहे।