पशुपालन विभाग के द्वारा डाड़ी प्रखंड मुख्यालय परिसर में आज मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत 8 यूनिट बॉयलर कुक्कुट एवं बत्तख का वितरण चयनित लाभुकों के बीच किया गया। इस अवसर पर जिला पशुपालन पदाधिकारी ने कहा कि इस प्रकार की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देना एवं लोगों की आय में वृद्धि करना है। उन्होंने लाभुकों से कहा कि वे प्राप्त संसाधनों का समुचित उपयोग करें तथा कुक्कुट एवं बत्तख पालन को आय के स्थायी स्रोत के रूप में विकसित करें। उन्होंने बताया कि पशुपालन गतिविधियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होते हैं और लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार होता है। इस दौरान डाड़ी अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी,प्रखंड प्रमुख, पशुपालन विभाग के अधिकारी, लाभुक सहित अन्य लोगउपस्थित रहे।