उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने आज टाटीझरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के कर्मियों, पेयजल विभाग के कनीय अभियंताओं तथा चिकित्सकों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के टीकाकरण से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट की जांच की तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित महिला प्रवेक्षिकाओ के मोबाइल से पोषण ट्रैकर ऐप की जांच करते हुए बच्चों की ऑनलाइन उपस्थिति का सत्यापन किया। इस दौरान कोड़ाइया गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में वास्तविक उपस्थिति से अधिक बच्चों की उपस्थिति दर्ज पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए महिला प्रवेक्षिका उर्मिला देवी को स्पष्टीकरण करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी को उक्त केंद्र की जांच करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से टाटीझरिया प्रखंड अंतर्गत झरपो एवं टाटीझरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति तथा चिकित्सकों के रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त की। प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा झरपो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की आवश्यकता पर उपायुक्त ने जल्द डॉक्टर की प्रतिनियुक्ति की बात कही।
पेयजल समस्या की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला स्तर पर संचालित ‘नीरवीर’ व्हाट्सएप चैट बोर्ड पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति जानी। उन्होंने निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम में पेयजल से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। चापानल मरम्मती से संबंधित सभी प्राप्त आवेदनों पर अविलंब कार्रवाई करने तथा शिकायतों का विधिवत संधारण रजिस्टर में करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विशेष रूप से सुदूरवर्ती आदिवासी क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु नियमित भ्रमण कर खराब चापाकलों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया तथा स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को नियमित रूप नीर चौपाल कार्यक्रम करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने धान अधिप्राप्ति, पैक्सों की स्थिति, फसल बीमा योजना तथा आपूर्ति विभाग द्वारा राशन उठाव से संबंधित कार्यों की समीक्षा की एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने म्यूटेशन मामलों में अस्वीकृति के कारणों, प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया तथा कैश बुक का भी परीक्षण किया। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को सभी योजनाओं की समग्र मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर अपर समाहर्ता श्री संतोष कुमार मौजूद थे।
