भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने जिले के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मंगलवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत उन्होंने सबसे पहले शहर के डिस्ट्रिक्ट मोड़ स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर जय भीम और सामाजिक समानता के नारों से माहौल भावपूर्ण बना रहा।
इसके बाद मुन्ना सिंह नवाबगंज स्थित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जिला कल्याण छात्रावास पहुंचे, जहां आयोजित जयंती समारोह में उन्होंने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उपस्थित लोगों के साथ केक काटकर उनका जन्मदिवस मनाया गया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने बाबा साहेब के जीवन और योगदान पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष नंदु प्रसाद ने भी अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को अधिकार दिलाने में बाबा साहेब का योगदान अतुलनीय है और हमें उनके विचारों को अपनाकर समाज में समानता स्थापित करनी चाहिए।
अपने संबोधन में मुन्ना सिंह ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के लिए अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संविधान के माध्यम से बाबा साहेब ने देश को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का मजबूत आधार दिया, जिसे हर नागरिक को सशक्त बनाए रखना चाहिए।
इसी क्रम में उन्होंने कटकमसांडी प्रखंड के चट्टी गांव का दौरा कर हाल ही में पानी में डूबने से दिवंगत हुए सुनील साव के पुत्र के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इसके पश्चात वे कटकमसांडी प्रखंड में आयोजित एक अन्य जयंती समारोह में शामिल हुए और अंत में जिला कांग्रेस कार्यालय, कृष्ण वल्लभ आश्रम पहुंचकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
